Aba News

अवैध चुलाई शराब पर बड़ी कार्रवाई: ड्रोन की मदद से बरमसिया और अलखडीहा गाँव में छापामारी, भारी मात्रा में शराब बरामद

गिरिडीह जिले के गावाँ थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग ने ड्रोन की सहायता से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। रवि रंजन, अवर निरीक्षक उत्पाद, गिरिडीह के नेतृत्व में यह छापामारी अभियान बरमसिया और अलखडीहा गाँव में चलाया गया। कार्रवाई के दौरान टीम ने अवैध चुलाई शराब बनाने के उपकरण, जावा महुआ और भट्टी को मौके पर ही विनष्ट कर दिया। साथ ही मौके से कुल 1470 लीटर अवैध चुलाई शराब और 7400 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया गया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

छापामारी के दौरान उत्पाद विभाग की टीम में बिहार के नवादा जिले के पक्रिवर्मा उत्पाद थाना से निरीक्षक (मध निषेध) श्री रामेश्वर तुड्डू, अवर निरीक्षक श्री पंकज उदास, सहायक अवर निरीक्षक श्री अशोक कुमार, ड्रोन प्रभारी श्री जितेंद्र कुमार, तथा गावाँ थाना के अवर निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह सहित सशस्त्र बल और गृह रक्षक जवान शामिल थे। ड्रोन तकनीक के माध्यम से छिपे हुए स्थानों की पहचान कर कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया, जिससे अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

टीम द्वारा मौके से तीन प्रमुख आरोपियों — गुड्डू साव, कृष्ण साव और पचु ठाकुर — के विरुद्ध फ़रार अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम अब इन आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अवैध कार्यों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखे, तो तत्काल सूचना दें ताकि समाज से इस कुप्रथा का अंत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें