Aba News

चिताखारो में हथियारबंद डकैती से दहशत, सीएससी संचालक के घर से ढाई लाख रुपये समेत कीमती सामान की चोरी

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत चिताखारो गाँव में बुधवार की रात छह हथियारबंद डकैतों ने सीएससी संचालक संजय वर्मा के घर में घुसकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। देर रात करीब 1 बजे के आसपास अपराधियों ने घर के पीछे वाले दरवाजे की कुंडी तोड़कर प्रवेश किया और घर में रखे ढाई लाख रुपये नकद, जरूरी दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, आभूषण सहित कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए। वारदात के दौरान घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे, जिससे किसी को भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिजन जागे और घर के कमरे अस्त-व्यस्त मिले तो घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया है।

सूचना मिलते ही सरिया एसडीपीओ धनंजय राम, भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार, जिप सदस्य सूरज सुमन, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि राजू मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुँचे और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम शुरू किया है। गुरुवार सुबह सरिया इंस्पेक्टर अजय कुमार और एसआई आनंदी प्रसाद भी टीम के साथ घटनास्थल पहुँचे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार का कहना है कि इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब रात में गाँव में भय का माहौल व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें