Aba News

अवैध आरा मिलों पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, इलाके में मचा हड़कंप

गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड के केंदुआ पंचायत अंतर्गत गांडो गांव और भरकट्टा ओपी क्षेत्र के बेदापहरी में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध आरा मिलों पर छापेमारी की है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आरा मिलें वर्षों से हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ियों की बिक्री में लिप्त थीं। गोपनीय सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने रेंजर संजीव कुमार के नेतृत्व में ट्रैक्टर और जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने आरा मशीनों, लकड़ी और अन्य उपकरणों को जब्त कर ट्रैक्टर में लोड कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, छापेमारी की भनक मिलते ही आरा मिल संचालक फरार हो गए।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फरार संचालकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके के अन्य अवैध आरा मिल संचालकों में दहशत फैल गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा की रक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाइयाँ लगातार जारी रहेंगी। वन विभाग की यह सख्त पहल न केवल अवैध लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि प्रकृति से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें