गिरिडीह, 08 अक्टूबर 2025:- जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आज सदर अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने जिले के सुदूरवर्ती इलाकों में आधार पंजीकरण एवं अद्यतन केंद्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में अभी भी आधार नामांकन केंद्र नहीं हैं, वहां तत्काल केंद्र स्थापित किए जाएं ताकि हर नागरिक को आधार सुविधा सुगमता से मिल सके। इसके साथ ही शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के आधार पंजीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने आधार में मोबाइल नंबर को अनिवार्य रूप से पंजीकृत कराएं, जिससे किसी भी सेवा से जुड़ी सूचना सीधे उनके पास पहुंच सके।

बैठक में बीआरसी की सभी मशीनों को क्रियाशील रखने, 05 और 15 वर्ष की आयु के बच्चों के मैंडेटरी बायोमैट्रिक अपडेट कराने और जिन नागरिकों के मोबाइल नंबर आधार से लिंक नहीं हैं, उनके लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। जिला समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का आधार पंजीकरण शीघ्र कराया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिनका आधार बने हुए दस वर्ष से अधिक हो गए हैं, वे नागरिक अपने पहचान पत्र और पते के दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से अद्यतन कराएं। बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, समाज कल्याण पदाधिकारी, शिक्षा अधीक्षक, डाक अधीक्षक, सहायक प्रबंधक, क्षेत्रीय कार्यालय रांची, जिला परियोजना पदाधिकारी (UID), ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












