गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के मंदरामों गांव में जमीन विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि तिलक पासवान और जुमन मियां के बीच पिछले कई वर्षों से एक जमीन के टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। झड़प के दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय जुमन मियां को हजारीबाग रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रण में किया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं, ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है और गांव में शांति बहाली की अपील की जा रही है।












