गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बरमोरिया एएनएम हॉस्टल के पास मंगलवार की शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार तीन युवकों ने अचानक एक युवक पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि हमले में युवक दशरथ टुडू बाल-बाल बच गया, क्योंकि गोली उसके शरीर को छूते हुए निकल गई। घायल दशरथ टुडू को आनन-फानन में स्थानीय मुखिया और ग्रामीणों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, दशरथ टुडू बरगंडा में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है और रोजाना की तरह ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बरमोरिया मोड़ के पास उस पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात को लेकर हैरान हैं।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके में नाकेबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी है। वहीं, एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने भी सदर अस्पताल पहुंचकर घायल दशरथ से पूछताछ की और फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल पुलिस ने गोली चलाने वाले तीनों अज्ञात हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश या किसी पुरानी दुश्मनी से जुड़ा बताया जा रहा है। इस घटना ने गिरिडीह में एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












