गिरिडीह शहर के हुट्टी बाजार में रविवार की रात उस समय अफरातफरी मच गई जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच बच्चों को लेकर शुरू हुई कहासुनी धीरे-धीरे बड़ों के बीच भिड़ंत में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे बाजार क्षेत्र में भगदड़ मच गई। कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया और लोग घरों में दुबक गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। डीएसपी नीरज कुमार सिंह और नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर माहौल को शांत कराया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों से लिखित शिकायतें मिली हैं और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।












