गिरिडीह के सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल के कक्षा सातवीं के छात्र जपजीव सिंह सलूजा ने अपने अद्भुत प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ाया है। आधुनिक पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में इंदौर (मध्य प्रदेश) में 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक आयोजित आधुनिक पेंटाथलॉन नेशनल चैंपियनशिप (बाइयेथेल/ट्रिएथल प्रतिस्पर्धा) में जपजीव का चयन हुआ है। भारत के 22 राज्यों से आए 400 से अधिक प्रतिभागियों में से गिरिडीह जिले से जपजीव एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने बाइयेथेल इवेंट में अपनी जगह बनाई है। इस श्रेणी में 100 मीटर तैराकी और 400 मीटर रनिंग शामिल हैं, जिनमें जपजीव ने अपनी शानदार प्रतिभा और दृढ़ निश्चय का प्रदर्शन किया है। उनके चयन से विद्यालय परिवार, शिक्षकों और अभिभावकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सिंह सलूजा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि जपजीव का यह चयन न केवल विद्यालय बल्कि पूरे गिरिडीह जिले के लिए गौरव का विषय है।
ओलंपिक खेलों में शामिल मॉडर्न पेंटाथलॉन को विश्व स्तर पर बहुमुखी प्रतिभा का प्रतीक माना जाता है। यह खेल खिलाड़ियों की मानसिक दृढ़ता और शारीरिक क्षमता दोनों का परीक्षण करता है। इसमें फेंसिंग, तैराकी, घुड़सवारी, रनिंग और शूटिंग जैसी पांच प्रमुख स्पर्धाएं शामिल होती हैं, जो किसी भी एथलीट की संपूर्ण दक्षता का परिचय देती हैं। जपजीव का इस प्रतियोगिता में चयन यह दर्शाता है कि गिरिडीह जैसे छोटे शहरों में भी अब खेल प्रतिभाएं तेजी से उभर रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ रही हैं। उम्मीद की जा रही है कि जपजीव आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का परचम लहराएंगे।












