गिरिडीह जिले के पीरटांड थाना क्षेत्र के हरलाडीह में शुक्रवार की रात मवेशी चोरी करते दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी एक चार पहिया वाहन से मवेशी चोरी की कोशिश कर रहे थे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों के हाथ रस्सी से बांधकर जमकर धुनाई कर दी और चोरी में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में जुटी है और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है।












