Aba News

सिटी क्राउन रिसॉर्ट में दांडिया रास का रंगारंग आयोजन, गिरिडीह की अविस्मरणीय रात बनी

गिरिडीह, 28 सितम्बर: बीते शनिवार की शाम सिटी क्राउन रिसॉर्ट का माहौल रोशनी, रंगों और संगीत से जगमगा उठा। अवसर था इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह पर्ल्स, सिटी क्राउन रिसॉर्ट, स्मार्ट ड्रीम अकादमी और विन्ज़ एंटरटेनमेंट एंड फिल्म्स द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित भव्य दांडिया रास कार्यक्रम का। इस आयोजन ने गिरिडीह के लोगों को एक अद्भुत सांस्कृतिक अनुभव प्रदान किया और प्रतिभागियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी यह शाम अविस्मरणीय बन गई।

कार्यक्रम में 150 से अधिक प्रतिभागियों ने पारंपरिक परिधानों में दांडिया की ताल पर थिरक कर समां बांध दिया। रंग-बिरंगी चनरी, घाघरा-चोली और कुर्ता-पायजामा में सजे प्रतिभागियों ने पारंपरिक संगीत की धुन पर अपनी तालमेल और ऊर्जा से सबका दिल जीत लिया। इस दौरान विशेष आकर्षण रहा मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम सहाय का नृत्य, जिन्होंने मंच पर आकर प्रतिभागियों के उत्साह को दोगुना कर दिया। आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों को फ्री दांडिया स्टिक्स उपलब्ध कराई गईं, जिससे माहौल और भी जीवंत और उत्सवधर्मी बन गया।

मुंबई से आए प्रसिद्ध एंकर आर.के. रवि ने अपनी ऊर्जावान एंकरिंग और बेहतरीन संवाद शैली से कार्यक्रम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा दिया। उनकी जीवंत प्रस्तुति ने प्रतिभागियों और दर्शकों दोनों को लगातार उत्साहित रखा। वहीं रिसॉर्ट की भव्य सजावट, रंग-बिरंगे झूमर, झिलमिलाती रोशनी और मधुर संगीत ने पूरे आयोजन को किसी फिल्मी दृश्य जैसा भव्य रूप दे दिया।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन न केवल परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी कार्य करते हैं। लोगों ने भी इस बात को स्वीकारते हुए आयोजन को “गिरिडीह की अविस्मरणीय रात” बताया। उपस्थित जनसमूह ने भविष्य में भी ऐसे भव्य और पारंपरिक आयोजनों की उम्मीद जताई, ताकि गिरिडीह सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें