गिरिडीह, 26 सितम्बर: दुर्गा पूजा को लेकर गिरिडीह पुलिस पूरी तरह एक्टिव मोड में नजर आ रही है। जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए खुद गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. बिमल कुमार ने बीती रात बाइक पर सवार होकर शहर और आसपास के इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने शहरी क्षेत्र के साथ-साथ पचम्बा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में बने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया और मौके पर ही पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर तैयारियों का जायजा लिया।
एसपी डॉ. बिमल कुमार जिला नियंत्रण कक्ष से पूरी टीम के साथ बाइक पर निकले और एक-एक करके कई पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजकों से सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन और आपातकालीन व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पूजा समितियां जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार ही कार्यक्रम संपन्न कराएं।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से सभी पूजा पंडालों में आपातकालीन नंबर जारी किए गए हैं। इन नंबरों की जानकारी समिति सदस्यों और आम जनता तक पहुंचाई जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क किया जा सके। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि भीड़भाड़ के समय विशेष सतर्कता बरती जाए और पंडालों में पर्याप्त प्रकाश और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जनता से अपील करते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस चौक-चौराहों से लेकर पंडालों तक सक्रिय रूप से तैनात है और हर स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। उनके इस निरीक्षण अभियान से न केवल समितियों का मनोबल बढ़ा बल्कि आम नागरिकों को भी सुरक्षा का भरोसा मिला।












