गिरिडीह. दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्टिव हो गया है। आज गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च बड़ा चौक से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख इलाकों से गुजरा और वापस बड़ा चौक पर आकर समाप्त हुआ। इस दौरान प्रशासनिक टीम ने शहरवासियों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और शांति के माहौल में त्योहार को मनाएं। अधिकारियों ने कहा कि गिरिडीह की पहचान शांतिप्रिय लोगों और आपसी सौहार्द के लिए है, और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए दुर्गा पूजा को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया जाएगा।

गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने साफ कहा कि पुलिस प्रशासन हर स्तर पर मुस्तैद है। पूजा पंडालों के आस-पास विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है, साथ ही ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गश्ती दल तैनात रहेंगे। बाजारों में भी सुरक्षा की दृष्टि से लगातार निगरानी रखी जाएगी। एसपी ने चेतावनी दी कि अगर कोई असामाजिक तत्व सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से लोगों में सुरक्षा का भरोसा और त्यौहार को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।












