गिरिडीह। दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने कड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को पपरवाटांड स्थित नए पुलिस लाइन के ग्राउंड में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में पुलिस बल ने किसी भी तरह की आपातकालीन स्थिति और दंगाई परिस्थिति से निपटने की रणनीति का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में गिरिडीह के डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पुलिस की तत्परता और प्रतिक्रिया क्षमता का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस मौके पर पुलिस बल ने दंगाइयों और उपद्रवियों पर नियंत्रण पाने के तरीके, आंसू गैस के गोले, डंडों और अन्य उपकरणों के प्रयोग का लाइव प्रदर्शन किया। प्रशासन का मानना है कि त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाली स्थिति में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता, इसलिए हर परिस्थिति से निपटने की तैयारियां पहले से कर ली गई हैं। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर कदम उठाया जाएगा।













