गिरिडीह, 27 सितंबर 2025:- विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिले के खंडोली डैम में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, महिला स्वयं सहायता समूह, पर्यटक और स्थानीय खिलाड़ी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि “एक पेड़ आपके नाम” कार्यक्रम के तहत पौधारोपण कर सतत विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भी परिचय दिया। इस अवसर पर खंडोली डैम में वॉटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसने युवाओं में उत्साह भर दिया और पर्यटन की संभावनाओं को और मजबूती प्रदान की।

मुख्य स्थल खंडोली डैम पर जिला खेल पदाधिकारी सह पर्यटन नोडल पदाधिकारी ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि खंडोली डैम प्राकृतिक सुंदरता और साहसिक गतिविधियों के लिए एक अनूठा गंतव्य है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र पर लाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। वहीं जिला पर्यटन विशेषज्ञ श्री अमन राज, प्रशिक्षक कोच मुकेश कुमार और अशुतोष कुमार समेत सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भी सक्रिय भागीदारी कर आयोजन को सफल बनाया। इस अवसर पर UNWTO की थीम “Tourism and Sustainable Transformation” को ध्यान में रखते हुए सतत पर्यटन को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।












