Aba News

गिरिडीह में ‘भर्ती कैम्प 2025’ का सफल आयोजन

गिरिडीह, 26 सितंबर 2025:- श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखण्ड, राँची के तत्वाधान में जिला नियोजनालय गिरिडीह परिसर में आज “भर्ती कैम्प 2025” का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी मो० इमरान फारूकी ने स्वागत भाषण देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कैम्प में बड़ी संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया और रोजगार के अवसर तलाशे। कुल 04 प्रतिष्ठित कंपनियों ने इस भर्ती शिविर में भाग लिया, जिनमें ADITYA VISION LIMITED एवं COBRA SECURITY AND SERVICE, PVT, LTD, Giridih ने संयुक्त रूप से 09 अभ्यर्थियों को चयनित कर ऑफर लेटर प्रदान किया। वहीं UTKARSH SMALL FINANCE BANK LTD और V2 Retail Ltd, Giridih ने कुल 32 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया। इस भर्ती कैम्प में स्थानीय युवाओं ने गहरी रुचि दिखाते हुए रोजगार पाने की उत्सुकता प्रदर्शित की।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला नियोजनालय गिरिडीह की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मो० इमरान फारूकी ने अपने संबोधन में कहा कि बेरोजगार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे भर्ती कैम्प आयोजित किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर कार्यालय के श्री धर्मेन्द्र कुमार, सुमित कुमार, प्रमोद बेदिया, मनोहर मुर्मू, रंजीत दार और सुनु राम हासदा का विशेष सहयोग सराहनीय रहा। भर्ती कैम्प ने न केवल युवाओं को रोजगार का अवसर दिया बल्कि क्षेत्र में रोजगारपरक माहौल बनाने में भी अहम भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें