Aba News

गिरिडीह में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सतर्क, संदिग्धों पर हुई विशेष छापेमारी

गिरिडीह। जिले में दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार के नेतृत्व में गुरुवार को पुलिस टीम ने बस स्टैंड रोड स्थित सहकारिता विभाग के पुराने खंडहरनुमा भवन में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ युवक सतर्क हो गए और मौके से भागने की कोशिश करने लगे। दो से तीन युवक नाले और झाड़ियों का सहारा लेकर फरार होने में सफल रहे, जबकि एक युवक को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर की गई है, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान जिले की शांति और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त बनी रहे।

पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पूजा पंडालों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है। चेकिंग अभियान, गश्ती और छापेमारी लगातार जारी है, जिससे लोग निश्चिंत होकर त्योहार का आनंद ले सकें। इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस बार प्रशासन की सख्ती से किसी भी असामाजिक तत्व को मौका नहीं मिलेगा। जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रियता दिखा रहा है, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें