रांची, 25 सितंबर : झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार की सुबह तेज गर्जन के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब आधे घंटे तक हुई लगातार बारिश ने शहर की कई सड़कों और मोहल्लों में जलजमाव की स्थिति बना दी। लोगों को यातायात जाम और जलभराव से जूझना पड़ा। वहीं मौसम विभाग ने आज दिनभर में रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों से झारखंड में मॉनसून कमजोर पड़ गया था। बुधवार को सुबह तक मॉनसून का टर्फ छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश की ओर खिसक गया था, जिसके कारण केवल कुछ इलाकों में ही हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने के कारण झारखंड में बारिश का असर फिर से देखने को मिलेगा। यह सिस्टम दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है और इसके चलते राज्य में नमी बढ़ने से अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी का असर सीधे झारखंड में देखने को मिलेगा। इसके कारण राज्य के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में दोपहर और शाम के समय हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं कई स्थानों पर गर्जन और वज्रपात की आशंका भी बनी रहेगी। इस बीच, किसानों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है, क्योंकि धान की खेती और अन्य फसलों के लिए पानी की आवश्यकता बढ़ गई थी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश रांची के मांडर में दर्ज की गई, जहां 140.2 मिमी पानी बरसा। वहीं कांके में 50.4 मिमी बारिश हुई। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग का अनुमान है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इससे जहां आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है, वहीं कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।












