कोडरमा रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर सुरक्षा जांच के दौरान आरपीएफ की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की। आसनसोल-वाराणसी पैसेंजर ट्रेन की जांच के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर एक संदिग्ध युवक की हरकतों ने सुरक्षाकर्मियों का ध्यान खींचा। आरपीएफ कर्मियों को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने जानकारी दी कि युवक की पहचान बिहार के रोहतास जिले के करवंधिया निवासी सोनू कुमार (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा ओडिशा से लाकर बिहार के विभिन्न इलाकों में बेचने की योजना बना रहा था। उसने यह भी बताया कि लंबे समय से वह इस धंधे में सक्रिय है और ट्रेन को सुरक्षित मार्ग मानकर नशे का सामान सप्लाई करता था।
जब्त किए गए गांजे को एसडीओ कोडरमा द्वारा नियुक्त प्रभारी बीडीओ की मौजूदगी में तौला गया, जिसका वजन 5 किलो निकला। अधिकारियों ने इसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये आंकी। मौके पर पूरी प्रक्रिया का दस्तावेजीकरण कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद माल और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी कोडरमा को सौंप दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन और आरपीएफ की इस कार्रवाई को जिले में नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य तस्करों की जांच में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियानों से नशा माफियाओं की कमर टूटेगी और समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने में मदद मिलेगी।












