गिरिडीह, 24 सितंबर 2025: जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदान केंद्रों के पुनर्गठन को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी प्रतिनिधियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों और आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि आयोग द्वारा अनुमोदित वर्तमान मतदान केंद्रों की कुल संख्या 2393 है। इनमें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र इस प्रकार हैं:
-
धनवार – 424
-
बगोदर – 454
-
जमुआ – 400
-
गांडेय – 375
-
गिरिडीह – 367
-
डुमरी – 373

बैठक में यह भी बताया गया कि 191 नए संभावित मतदान केंद्रों का प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा जा रहा है, जिसके बाद कुल मतदान केंद्रों की संख्या 2584 हो जाएगी। नए केंद्रों का निर्माण मुख्यतः इसलिए प्रस्तावित है कि 1200 से अधिक मतदाता हों और मतदान केंद्र की दूरी दो किलोमीटर से अधिक हो।

साथ ही, 62 मतदान केंद्रों में कम मतदाताओं को निकटतम केंद्र में अनुभाग शिफ्ट किया जा रहा है, और 10 मतदान केंद्रों में कम मतदाताओं के कारण उन्हें मर्ज किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, 29 मतदान केंद्रों में भवन परिवर्तन किया गया है। इस बैठक का उद्देश्य सभी राजनीतिक दलों को मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और मतदाता सुविधा से अवगत कराना और चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना था।












