गिरिडीह विधानसभा से जेएलकेएम के प्रत्याशी रह चुके और जमीन कारोबारी के रूप में पहचान बना चुके नवीन आनंद चौरसिया का निधन हो गया। उनके अचानक निधन की खबर से पूरे गिरिडीह में शोक की लहर दौड़ गई। धरियाडीह स्थित उनके आवास पर बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक जुटने लगे। राजनीतिक और कारोबारी जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। बताया गया कि वे इलाज कराने दिल्ली गए थे, जहां सड़क हादसे में घायल होने के बाद मंगलवार देर शाम उनकी मौत हो गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही गिरिडीह के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
नवीन चौरसिया ने बीते विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम से प्रत्याशी के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी। वे जमीन कारोबार के क्षेत्र में एक प्रभावशाली नाम थे और सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से जुड़े रहते थे। उनके निधन से न सिर्फ राजनीतिक और कारोबारी वर्ग बल्कि आम लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है। उनके निधन को गिरिडीह की राजनीति और समाज के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, कल उनका पार्थिव शरीर गिरिडीह लाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।












