गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह इलाके में सोमवार की शाम पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मौके से दो महिलाओं और दो युवतियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि यह रैकेट पिछले एक महीने से सक्रिय था और लगातार पुरुषों का आना-जाना इस मकान में देखा जा रहा था। पुलिस ने फ्लैट से कई आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया है, जिससे संदेह और गहरा गया है। फिलहाल हिरासत में ली गई महिलाओं और युवतियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, जिस मकान में यह रैकेट चल रहा था, वह लेदा निवासी टेकलाल मंडल का है। इस मकान में तीन फ्लैट हैं, जिनमें से दो में उसका परिवार रहता है और तीसरे फ्लैट में ये महिलाएं और युवतियां रह रही थीं। पड़ोसियों ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उनके आने के बाद से मकान में लगातार पुरुषों का आना-जाना शुरू हो गया था। पूछताछ करने पर एक युवक ने खुद को ड्राइवर बताया, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। सोमवार को जब दो पुरुष अंदर गए और एक व्यक्ति बाहर निकलने लगा, तो पड़ोसियों ने पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला।
इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। महिला पुलिस के पहुंचने के बाद भी लंबे समय तक दरवाजा नहीं खोला गया। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया गया और पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान दो महिलाएं और दो युवतियां पकड़ी गईं। पुलिस ने कहा है कि प्रारंभिक जांच में देह व्यापार की पुष्टि हुई है। हालांकि, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।












