Aba News

गिरिडीह सिविल सोसाइटी ने सरकार से नालियों पर स्लैब लगाने की मांग तेज की

गिरिडीह शहरी क्षेत्र में खुले नालों की समस्या अब जानलेवा होती जा रही है। हाल ही में गांधी चौक पर हुए हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया, जहां 20 सितंबर को एक मासूम बच्चे की नाली में गिरकर मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि प्रशासन को भी हिला कर रख दिया। घटना के बाद घंटों मशक्कत के बाद बच्चे को ढूंढा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस मामले पर गिरिडीह सिविल सोसाइटी के उप सचिव सुनील खंडेलवाल ने झारखंड सरकार को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में अधिकांश नालियां खुली हैं, जो आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता देती हैं।

खंडेलवाल ने अपने पत्र में जोर देते हुए कहा है कि यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व से पहले सभी खुले नालों पर स्लैब लगाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए ताकि दोबारा ऐसी त्रासदी न हो। शिकायत पत्र को झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, रांची के संयुक्त सचिव मोहम्मद आसिफ हसन के पास कार्रवाई हेतु अग्रसारित कर दिया गया है। खंडेलवाल ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कदम उठाएगी और जनहित में एक ठोस समाधान सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें