उत्तर प्रदेश के मेरठ की स्नेहा दीवान ने मिसेज इंडिया एशिया 2025 का खिताब अपने नाम कर शहर का नाम रोशन किया है। इस सीज़न 3 प्रतियोगिता में उन्हें न केवल खिताब मिला, बल्कि मिसेज फैशनिस्ता का पुरस्कार भी प्रदान किया गया। स्नेहा ने इस शानदार उपलब्धि का श्रेय अपने पति, परिवार और कठिन परिश्रम को दिया। इस जीत ने साबित कर दिया कि शादी के बाद भी महिलाएं अपने सपनों को पूरा करने के लिए आत्मविश्वास और मेहनत के साथ आगे बढ़ सकती हैं। मेरठ की इस बहू ने पूरे उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है और कई महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।
एशिया भर से 15,000 प्रतिभागियों में से सिर्फ 72 महिलाओं को फाइनल के लिए चुना गया था। नई दिल्ली में फ़ैशन मेराकी द्वारा आयोजित भव्य फिनाले में स्नेहा ने अपनी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प से सभी का मन मोह लिया। ग्रूमिंग, रैम्प वॉक, फोटोशूट और टैलेंट राउंड जैसे चुनौतीपूर्ण चरणों में उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व ने निर्णायक मंडल को बेहद प्रभावित किया। इस प्रदर्शन ने साबित किया कि स्नेहा न केवल सुंदरता में बल्कि प्रतिभा और व्यक्तित्व में भी मिसेज इंडिया एशिया 2025 की योग्य विजेता हैं।
अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए स्नेहा ने कहा, “यह जीत सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी महिलाओं की है जो शादी के बाद भी अपने सपनों को पूरा करने का साहस रखती हैं। मैं चाहती हूं कि हर महिला विश्वास करे कि यदि मन से मेहनत की जाए तो कोई भी सपना बड़ा नहीं होता।” स्नेहा की मूल जन्मभूमि उत्तराखंड के रुद्रपुर में है, और उनकी शिक्षा नैनीताल और रानीखेत में हुई। शादी मेरठ में हुई। उनके पति ऋषि दीवान ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी पत्नी की मेहनत और आत्मविश्वास का परिणाम है। स्नेहा ने इस सफलता के जरिए साबित कर दिया कि कोई भी महिला अपनी जिम्मेदारियों के साथ-साथ अपने सपनों को भी पूरा कर सकती है।












