गिरिडीह, 20 सितंबर 2025: आज गिरिडीह जिला साउंड एसोसिएशन नगर कमिटी की बैठक जिला संयोजक अजय शिवानी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य विषय दुर्गापूजा में साउंड बॉक्स लगाने को लेकर प्रशासन द्वारा जारी निर्देश था। यूनियन के सदस्यों ने बैठक में कहा कि प्रशासन केवल 2 बॉक्स और 4 चोंगा लगाने का दबाव डाल रहा है, साथ ही सभी साउंड वालो को थाना में बांड भरने और केस की धमकी दी जा रही है, जिससे उनके काम में बड़ी समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। सदस्यों का कहना है कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े त्यौहार में भारी भीड़ जमा होती है और कई जगह जागरण या भजन संध्या का आयोजन होता है, ऐसे में केवल 2 बॉक्स में कार्यक्रम का संचालन संभव नहीं है।
जिला अध्यक्ष रामजी प्रसाद यादव ने कहा कि प्रशासन कुछ मामलों में न्यायसंगत निर्णय नहीं ले रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण अधिनियम या उच्च न्यायालय के आदेशों में कहीं भी साउंड बॉक्स की संख्या का जिक्र नहीं है और कानून केवल डेसिबल क्षमता तय करता है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि वे वास्तविक परिस्थिति के अनुसार व्यवस्था करें, ताकि यूनियन सहयोग कर सके। वहीं यदि बेवजह परेशान किया गया, तो यूनियन इसका कड़ा विरोध करेगी। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष सुरेश सिंह, संजय सिंह, रवि राम, सहदेव राम, इरफान अंसारी, सन्नी अग्रवाल, लखन यादव, बिनोद दास, पप्पू अंसारी, नरेश राय, दीपक साव, संजय ठाकुर, गणेश, साजिद, रोहित साहा, गुड्डू, शंभु राम, रवि सिंह, संदीप ठाकुर, अमित कुमार और सागर सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












