गिरिडीह। शनिवार को कुड़मी समाज के लोगों ने तीन राज्यों में चलाए जा रहे रेल टेका–डहर छेका आंदोलन के तहत पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह से ही हजारों लोग रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और कई घंटों तक जाम लगाए रखा। डुमरी विधायक जयराम महतो और बगोदर विधायक नगेंद्र महतो भी आंदोलनकारियों के बीच पहुंचे और समाज की मांगों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। जयराम महतो ने कहा कि कुड़मी समाज को राजनीतिक साजिश के तहत एसटी सूची से हटाया गया है और यह लड़ाई किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए है।
आंदोलन का रेलवे परिचालन पर सीधा असर पड़ा। दिल्ली–भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस (22812) को पारसनाथ स्टेशन से पहले चौधरीबांध पर रोकना पड़ा, वहीं कई मालगाड़ियां भी खड़ी कर दी गईं। पुलिस की भारी तैनाती के बावजूद लोग शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक पर डटे रहे और नारेबाजी करते हुए सरकार से तत्काल उनकी मांगें पूरी करने की अपील की। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर कुड़मी समाज को पुनः एसटी सूची में शामिल नहीं किया गया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।












