Aba News

जमशेदपुर में कपड़ा कारोबारी पर कर्मचारी ने किया जानलेवा हमला, ऑनलाइन वेतन न मिलने पर चाकू से हमला

जमशेदपुर के साकची बाटा लाइन में शुक्रवार रात को एक गंभीर घटना घटी, जब कपड़ा कारोबारी विशाल अग्रवाल उर्फ बाबू पर उनके ही कर्मचारी ने चाकू से हमला कर दिया। घटना रात लगभग नौ बजे की बताई जा रही है। विशाल को पेट में तीन जगह चाकू के वार लगे और उन्हें तुरंत टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हमलावर शुभोजीत रॉय को पकड़ लिया। इस घटना के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार शुभोजीत रॉय को केवल तीन दिन पहले ही दुकान में काम पर रखा गया था। काम में लापरवाही और अनियमितता के कारण विशाल ने उसे हटाने का निर्णय लिया। इसी बात से नाराज होकर शुभोजीत ने शुक्रवार रात दुकान पर आकर हिसाब मांगने शुरू किया। विशाल ने उसे कहा कि वह शनिवार शाम आकर हिसाब ले ले, लेकिन शुभोजीत ने तुरंत ऑनलाइन भुगतान की मांग की। जब विशाल ने इनकार किया, तो शुभोजीत ने अचानक जेब से चाकू निकालकर हमला कर दिया। हमला इतना तेजी से हुआ कि विशाल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

हमले के बाद मौके पर मौजूद व्यापारी और विशाल के भाई अमित अग्रवाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शुभोजीत को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। घायल कारोबारी का इलाज टीएमएच में जारी है और डॉक्टरों के मुताबिक उनकी स्थिति गंभीर है लेकिन खतरे से बाहर हैं। इस वारदात के बाद साकची बाजार के अन्य व्यापारी भी सकते में हैं और उन्होंने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें