लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह समाहरणालय के पीछे 14 वर्षीय नाबालिग छात्र शिवांश यादव का शव फंदे से लटकता हुआ पाया गया। शिवांश, केंद्रीय विद्यालय लातेहार में कक्षा 9वीं का छात्र था और उसके पिता का नाम मुसाफिर यादव है। सुबह करीब 6 बजे परिजनों को जब घटना की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवांश ने बीती रात देर तक मोबाइल फोन इस्तेमाल किया और फिर अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह जब परिजन उठे तो उन्होंने उसे फंदे से लटका हुआ पाया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे एएसआई कुबेर प्रसाद पोदार और उनकी टीम ने मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाबालिग ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।
एएसआई कुबेर प्रसाद ने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है। समाज के लिए यह घटना एक बड़ा सवाल भी छोड़ती है कि आखिर क्यों बच्चे इतनी कम उम्र में तनाव के चलते इस तरह के कदम उठाने को मजबूर हो रहे हैं।












