हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित कोनहरा खुर्द में गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरही से धनबाद की ओर जा रही ट्रेलर और बगोदर से बरही की ओर जा रही गिट्टी लदी हाइवा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों में देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में ट्रेलर के अंदर फंसे एक व्यक्ति की जिंदा जलने से मौत हो गई। जबकि हाइवा के चालक और खलासी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे के बाद कई घंटों तक जीटी रोड पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा और यात्री परेशान रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क निर्माण कंपनी ने सड़क के उस हिस्से पर एक ही लेन से वाहनों का आवागमन शुरू कर रखा था, जिसके चलते दोनों गाड़ियों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लगी आग इतनी भीषण थी कि कोई भी नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि सफलता नहीं मिल पाई। बाद में सूचना पाकर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इस दर्दनाक दुर्घटना के कारण जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और आवागमन बहाल कराने का प्रयास शुरू किया। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।












