गिरिडीह, 18 सितंबर 2025: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज समाहरणालय सभागार में मनरेगा, पीएम आवास योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना एवं अन्य विकासात्मक योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी योजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन सभी लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी, ताकि ग्रामीणों को उनके अधिकार और लाभ समय पर मिल सकें।
उपायुक्त ने मनरेगा योजना की समीक्षा में योजनाओं के क्रियान्वयन, मानव दिवस सृजन, जियो टैगिंग और खेल मैदान सहित अन्य योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत आवास निर्माण की भौतिक प्रगति, लाभुकों को भुगतान की स्थिति और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर विशेष चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि किसी भी योग्य लाभुक को योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए और सभी किस्तों का भुगतान समय पर किया जाए।
बैठक में बिरसा हरित ग्राम योजना और बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को अगले एक सप्ताह में लंबित कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के संचालन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और प्रत्येक योजना का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचे। बैठक में उप विकास आयुक्त, निदेशक, डीआरडीए, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी और प्रखंड समन्वयक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।












