Aba News

Asia Cup 2025 Super-4 Scenarios: 1 मैच से तय होगी 3 टीमों की किस्मत

एशिया कप 2025 का रोमांच अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। भारत और पाकिस्तान पहले ही सुपर-4 के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं, लेकिन अब भी दो जगहें खाली हैं, जिनके लिए श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच कड़ी टक्कर जारी है। पाकिस्तान की जीत के बाद समीकरण साफ हो गया है कि आज अबू धाबी में होने वाला श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान मुकाबला इन तीन टीमों की किस्मत का फैसला करेगा। ग्रुप ए से भारत (4 अंक, NRR +4.793) और पाकिस्तान (4 अंक, NRR +1.790) का सुपर-4 टिकट पक्का हो चुका है, जबकि ओमान और यूएई टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। अब सभी की निगाहें ग्रुप बी के इस अहम मुकाबले पर टिकी हुई हैं।

ग्रुप बी की अंक तालिका में फिलहाल श्रीलंका और बांग्लादेश के 4-4 अंक हैं, जबकि अफगानिस्तान ने 2 में से 1 मैच जीतकर 2 अंक जुटाए हैं। हालांकि, अफगानिस्तान का नेट रन रेट +2.150 है, जो श्रीलंका (+1.546) और बांग्लादेश (-0.270) से बेहतर है। यही कारण है कि अगर आज राशिद खान की टीम जीत दर्ज करती है तो वह सीधे अंक तालिका में टॉप पर पहुंच जाएगी और सुपर-4 में अपनी जगह बना लेगी। बांग्लादेश के लिए समीकरण साफ है—उन्हें श्रीलंका की जीत की दुआ करनी होगी, तभी उनका रास्ता खुलेगा। दूसरी ओर, श्रीलंका को हार के बावजूद बेहतर नेट रन रेट का फायदा मिल सकता है, जिससे उसके सुपर-4 में पहुंचने की संभावना बनी हुई है।

एशिया कप 2025 से ओमान, यूएई और हांगकांग पहले ही बाहर हो चुके हैं, लेकिन बाकी टीमें अंतिम जगहों के लिए जोर-आजमाइश में जुटी हैं। आज का मुकाबला न सिर्फ सुपर-4 बल्कि पूरे टूर्नामेंट की दिशा तय कर सकता है, क्योंकि इसके बाद भारत और पाकिस्तान के साथ किस दो टीमों का बड़ा टकराव होगा, यह सामने आ जाएगा। क्रिकेट फैंस के लिए यह मैच किसी फाइनल से कम नहीं होगा। यह मुकाबला गुरुवार, 18 सितंबर को अबू धाबी के शेख जायद क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एवं फैनकोड ऐप पर उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें