Aba News

Disha Patni House Firing: दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, 5 शूटर थे शामिल

बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले में पुलिस जांच के दौरान सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस वारदात में कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गैंग के कुल पांच शूटर शामिल थे। इनमें से दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर किए जा चुके हैं, जबकि दो अन्य की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा ने अपने हैंडलर के जरिए इन शूटरों को 11 सितंबर को बरेली भेजा था। ये आरोपी बरेली के पंजाब होटल में रुके थे, जहां से उन्होंने पूरी योजना को अंजाम देने की शुरुआत की थी।

जांच में सामने आया है कि 11 सितंबर को पांचों शूटर बरेली पहुंचे थे, लेकिन एक बदमाश की तबीयत खराब होने के चलते वह वापस लौट गया। इसके बाद चार बदमाशों ने मिशन को आगे बढ़ाया। उसी दिन चारों आरोपी काले रंग की स्पलेंडर और सफेद अपाचे बाइक पर बैठकर दिशा पाटनी के घर पहुंचे और वहां की रेकी की। स्पलेंडर बाइक पर नकुल और विजय थे, जबकि अपाचे पर अरुण और रविंद्र सवार थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि 12 सितंबर को ये चारों दोबारा दिशा पाटनी के घर पहुंचे और वहां फायरिंग की गई। गोलीबारी रविंद्र ने की थी, जबकि अरुण बाइक चला रहा था। यही दोनों बदमाश एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।

पुलिस ने इस मामले की गहनता से जांच करते हुए 2000 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले हैं। खास बात यह रही कि 9 सितंबर को घटना से पहले बदमाश एक पेट्रोल पंप पर कैमरे में कैद हो गए थे। इस सुराग के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों नकुल और विजय की तलाश तेज कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोनों शूटरों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दोनों मृत बदमाशों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए गाजियाबाद के संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े सभी आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाने का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें