झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जमशेदपुर में यह क्रमशः 31.6 और 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली के साथ बारिश की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
राज्य के उत्तर-पूर्वी और उत्तरी-मध्य इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा। 19 और 20 सितंबर को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिलेगा, जबकि 22 सितंबर से मौसम के शुष्क होने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के ऊपर बने ऊपरी वायु चक्रवात का प्रभाव झारखंड के मौसम पर भी पड़ सकता है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
तापमान की बात करें तो राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दुमका, गोड्डा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 33-34 डिग्री तक जा सकता है, जबकि साहिबगंज और जामताड़ा में 32-33 डिग्री तक गर्मी महसूस की जाएगी। रांची और खूंटी में अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास, हजारीबाग और बोकारो में 30-32 डिग्री और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला व सिमडेगा जिलों में 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इस बार मानसून ने औसत से अधिक वर्षा दी है। 1 जून से 17 सितंबर तक राज्य में 1119.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 20% अधिक है। सबसे ज्यादा वर्षा पूर्वी सिंहभूम में 1581.4 मिमी रही, जबकि पाकुड़, गोड्डा और देवघर में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।












