Aba News

असम से जामताड़ा तक सिम कार्ड सप्लाई चेन का पर्दाफाश

जामताड़ा साइबर थाना पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसमें असम से हवाई जहाज के जरिए सिम कार्ड लाकर उन्हें साइबर ठगों को बेचा जा रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी अकबर हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 377 असम नंबर के सिम कार्ड, इंडिगो फ्लाइट टिकट, तीन एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया है। एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि संभवतः यह झारखंड का पहला मामला है, जिसमें इतने बड़े पैमाने पर बाहर से लाए गए सिम कार्ड एक ही आरोपी से बरामद हुए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि अकबर हुसैन बाकायदा इंडिगो फ्लाइट पकड़कर असम जाता था और वहां से फर्जी आईडी पर बड़ी संख्या में सिम कार्ड खरीदता था। इसके बाद वह ट्रेन से जामताड़ा लौटकर इन सिम कार्ड्स को 1500 से 2500 रुपये में साइबर अपराधियों को बेचता था। इन सिम कार्ड्स का इस्तेमाल गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा और बिहार के सीमावर्ती जिलों के साइबर ठग लोगों को ठगने में करते थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अकबर हुसैन सिम कार्ड की बड़ी खेप लेकर जामताड़ा पहुंचा है। सूचना के आधार पर करमाटांड़ के मुर्गाबनी गांव के पास छापेमारी की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी मेहता ने आगे बताया कि शुरुआती जांच से यह स्पष्ट हो गया है कि अकबर हुसैन इस धंधे में अकेला नहीं था। उसके पीछे एक बड़े सिंडिकेट के शामिल होने की आशंका है। अपराधी यहां सिम कार्ड बेचकर रकम ऑनलाइन असम के सरगना को भेजता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें