गिरिडीह पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर धनवार थाना क्षेत्र के ग्राम डोमायडीह में अवैध विदेशी शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गिरिडीह के नेतृत्व में गठित छापामारी दल ने नवनिर्मित मकान को घेराबंदी कर छापा मारा। इस दौरान फैक्ट्री में पैकिंग और लेवलिंग कर रहे दो व्यक्तियों को रंगेहाथ पकड़ा गया, जबकि निगरानी कर रहे एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में फैक्ट्री का मुख्य संचालक सिकंदर साव (सा. नेरो, थाना हिरोडीह) बताया गया, जो पूर्व से शराब तस्करी में संलिप्त रहा है।
छापामारी में बड़ी मात्रा में शराब और उपकरण जब्त किए गए, जिनमें Royal Stag, McDowells, Royal Challenge और Sterling Reserve के सैकड़ों बोतल, लगभग 100 लीटर कच्ची शराब, सैकड़ों खाली बोतल, ढक्कन, स्टीकर बंडल, अल्कोहल मापने वाली मशीन, दो बड़े ड्रम और एक Honda Hornet बाइक (मूल्य ₹4 लाख) शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों में बसीर आलम (35), सोहेल अंसारी (15) और मुन्ना यादव शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने इसे गिरिडीह पुलिस की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने का अभियान लगातार जारी रहेगा।













