गिरिडीह में भारतीय युवा कांग्रेस जिला कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस बेरोजगार दिवस के रूप में मनाया गया। जेपी चौक पर आयोजित कार्यक्रम में युवा कांग्रेसियों ने सड़क किनारे सब्जी बेचकर प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया और बेरोजगार युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना। नेताओं ने कहा कि देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है।
कार्यकारी जिला अध्यक्ष यश सिन्हा समेत कई नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं किए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को युवाओं की तकलीफ समझते हुए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। मौके पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होकर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।












