झारखंड में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है और बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के 11 जिलों—पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा, पाकुड़, देवघर, दुमका और धनबाद—में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, अगले तीन दिनों तक रांची समेत पूरे राज्य में हल्की से मध्यम वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा, जबकि उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले में 79.2 मिमी दर्ज की गई है। वहीं दुमका में 79 मिमी, पाकुड़ में 69, गढ़वा में 55.5, बोकारो में 50.6, जामताड़ा में 50.4 और धनबाद में 49.8 मिमी बारिश हुई है। राजधानी रांची में भी 23.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे कई निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है।
अब तक झारखंड में 1 जून से 1113.9 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि सामान्य आंकड़ा 927.9 मिमी होता है। यानी इस बार प्रदेश में 20% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। रांची की स्थिति और खास है, यहां 1413.5 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य 944.8 मिमी से लगभग 50% अधिक है। लगातार बारिश के कारण राज्य का तापमान भी नीचे आ गया है। राजधानी में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। वहीं राज्य में सबसे ज्यादा तापमान गोड्डा में 32.3 डिग्री दर्ज किया गया। रांची मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में भारी बारिश का असर और देखने को मिल सकता है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है।












