प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन इस बार खास रहा क्योंकि 17 सितंबर 2025 को वह 75 वर्ष के हो गए। इस मौके पर विपक्ष और सत्ता पक्ष, दोनों ही ओर से उन्हें शुभकामनाएं मिलीं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पीएम को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी अपने संदेश में प्रधानमंत्री को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि देशहित में उनके प्रयास हमेशा सफल हों। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने भी कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राष्ट्रहित में मोदी जी की कोशिशें हमेशा सराहनीय हैं।
वहीं दूसरी ओर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि बीते पांच दशकों से भी अधिक समय से मोदी जी ने राष्ट्रहित में अथक परिश्रम किया है। शाह ने उन्हें ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श वाक्य का सजीव प्रतीक बताया और लिखा कि मोदी जी ने शासन व्यवस्था में शुचिता, निर्णयों में दृढ़ता और नीतियों में स्पष्टता लाकर समाज के वंचितों, पिछड़ों, गरीबों, महिलाओं और आदिवासियों को केंद्र में लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि करोड़ों देशवासियों के जीवन में अकल्पनीय बदलाव लाकर पीएम मोदी ने ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव को मजबूत किया है। पूरे देश में इस अवसर पर समर्थकों ने ‘हैप्पी बर्थडे पीएम मोदी’ के नारे लगाए और अलग-अलग तरीकों से इस दिन को मनाया।












