गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गास्थान रानी तालाब में सोमवार सुबह एक मछुआरे का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान परसाटांड निवासी बेंगा मल्हाह के रूप में की गई है। शव मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। घटना की जानकारी मिलते ही पचंबा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस बीच परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बेंगा मल्हाह बीते 20 वर्षों से इसी तालाब में मछली पकड़कर अपने परिवार का गुजारा करता था। रविवार सुबह करीब 4 बजे वह रोज की तरह मछली मारने निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर उसकी तलाश की। इसी दौरान सोमवार सुबह सूचना मिली कि रानी तालाब में एक शव तैर रहा है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की और पुष्टि की कि वह बेंगा मल्हाह ही है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इसे बेहद दुखद मानते हुए मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि यह साफ हो सके कि मौत दुर्घटनावश हुई या किसी अन्य वजह से।












