Aba News

झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में भीषण आग, कई अहम दस्तावेज और उपकरण जलकर खाक

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में मंगलवार की अहले सुबह बड़ी दुर्घटना घटी। मुख्यालय के डाटा सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कमरे में रखे कंप्यूटर, सर्वर और अन्य जरूरी उपकरण जलकर राख हो चुके थे। वहीं, आग की लपटों में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी नष्ट हो गए, जिससे पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

आग लगने के कारणों का अब तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की बात सामने आ रही है। आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी भी तुरंत नियंत्रण नहीं कर सके और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों को बुलाना पड़ा। पुलिस मुख्यालय जैसे संवेदनशील जगह पर बार-बार आग लगने की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था और आग से निपटने की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। स्थानीय अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पुलिस मुख्यालय में आग लगी हो। इससे पहले भी कई बार ऐसी घटनाएं घट चुकी हैं, लेकिन हर बार जांच के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। इस बार चूंकि नुकसान काफी बड़ा हुआ है, इसलिए उच्चस्तरीय जांच की मांग उठ रही है। आईटी विशेषज्ञों का कहना है कि डाटा सेंटर जैसी जगह पर हाई-टेक फायर अलार्म और ऑटोमैटिक स्प्रिंकलर सिस्टम होना चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। अब देखना होगा कि प्रशासन इस घटना से सबक लेकर ठोस कदम उठाता है या फिर यह हादसा भी महज औपचारिक जांच के बाद भुला दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें