नई दिल्ली, 13 सितंबर 2025। आयुष मंत्रालय के अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की निदेशक प्रोफेसर तनुजा नेसरी ने देशवासियों से अपील की है कि वे आगामी दसवें आयुर्वेद दिवस के आयोजन में सक्रिय रूप से भाग लें। यह आयोजन 23 सितंबर 2025 को राष्ट्रीय स्तर पर धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस वर्ष की थीम “Ayurveda for People & Planet” (आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए) निर्धारित की गई है। प्रो. नेसरी ने कहा कि आयुर्वेद केवल मनुष्य ही नहीं बल्कि सभी जीव-जंतु, वनस्पति, पर्यावरण और धरती के हर घटक के स्वास्थ्य और संतुलन का ज्ञान प्रदान करता है। यही कारण है कि मंत्रालय का नारा है – “आयुर्वेद: जीवन जीने का ज्ञान”।
उन्होंने कहा कि इस अवसर का उद्देश्य व्यापक जन-जागरूकता फैलाना और आयुर्वेद को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है। आयुर्वेद के सिद्धांत न केवल स्वस्थ जीवनशैली के लिए मार्गदर्शन करते हैं बल्कि धरती और पर्यावरण के संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। यह दिवस एक अवसर है कि हम सभी मिलकर आयुर्वेद के मूल मंत्र को समझें और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
प्रो. तनुजा नेसरी ने सभी नागरिकों, संस्थानों और संगठनों से अपील की है कि वे इस बार के आयुर्वेद दिवस को उत्साहपूर्वक मनाएँ और स्वस्थ एवं सुंदर जीवनशैली अपनाने के लिए संकल्प लें। उन्होंने कहा कि 23 सितंबर को होने वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम में जन-जन की सहभागिता से आयुर्वेद दिवस को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी।












