गिरिडीह में आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक नए परिसदन भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने की। मंत्री ने कहा कि गिरिडीह भाईचारे और एकता की मिसाल रहा है, आने वाले समय में भी यही परंपरा कायम रहनी चाहिए। उन्होंने पूजा समितियों और समाज के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे प्रशासन के साथ मिलकर सामूहिक सहयोग से त्योहारों को सफल बनाएं और किसी भी अफवाह से दूर रहें।
बैठक में विभिन्न पूजा समितियों के पदाधिकारी, शांति समिति के गणमान्य लोग और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, साफ-सफाई, जुलूस के रूट और संवेदनशील स्थलों पर निगरानी जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। एसडीएम और एसडीपीओ ने सीसीटीवी लगाने, पुलिस बल की तैनाती और नियमित गश्ती पर बल दिया। मंत्री सोनू ने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी हैं।












