गिरिडीह जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। तीसरी प्रखंड के पिपराटांड़ गांव की पुलिया तेज पानी के बहाव में टूटकर बह गई, जिससे पिपराटांड़ सहित आसपास के कई गांवों का संपर्क तीसरी मुख्यालय से कट गया है। वहीं, पिपराटांड़ के पहले आरईओ रोड पर बड़ा गड्ढा (गोफ) बनने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। पुलिया टूटने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर उमड़ पड़े। इसी दौरान धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई, जिसके चलते थोड़ी सी बारिश में ही पुलिया बह गई। ग्रामीणों ने जल्द समाधान की गुहार लगाई है।












