दिल्ली के एम्स में आयोजित ओनम पोनोनम 2025 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी को ‘मिनी भारत’ करार देते हुए कहा कि दिल्ली की रफ्तार और पहचान यहां बसे हर राज्य के नागरिकों से है। 14 सितंबर को आयोजित इस विशेष समारोह में सीएम गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सिर्फ भौगोलिक रूप से भारत की राजधानी नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की विविधता और एकता की असली तस्वीर भी पेश करती है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक और गुजरात से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक हर राज्य के लोग यहां अपनी मेहनत, सपनों और संस्कृति के साथ जुड़े हुए हैं। इसी वजह से दिल्ली हर त्योहार और हर अवसर पर पूरे भारत की झलक दिखाती है।
कार्यक्रम में सीएम गुप्ता ने कहा कि अगर दिल्ली में हर राज्य के लोग मौजूद न हों तो यहां की प्रगति रुक जाएगी। उन्होंने दिल्ली की इस बहु-सांस्कृतिक पहचान को राजधानी की असली ताकत बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को उन्होंने अपनी एक्सटेंडेड फैमिली माना है, और इस शहर पर हर नागरिक का बराबर अधिकार है। उन्होंने ओनम पर्व की बधाई देते हुए बताया कि यह त्योहार सिर्फ केरल का नहीं, बल्कि पूरे देश का उत्सव है, जो एकता और खुशी का संदेश देता है। इसी दौरान उन्होंने ओडिशा की जगन्नाथ पूजा, उत्तराखंड के पर्व, महाराष्ट्र का गणपति उत्सव और नवरात्रि के डांडिया की भी चर्चा की। उनका कहना था कि इन उत्सवों से न सिर्फ दिल्ली की रौनक बढ़ती है, बल्कि एक ही शहर में पूरे भारत की सांस्कृतिक झलक देखने को मिलती है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की यही खूबसूरती है कि यहां हर संस्कृति, हर भाषा और हर त्योहार को समान उत्साह और आदर के साथ मनाया जाता है। यही वजह है कि दिल्ली आज ‘मिनी भारत’ की पहचान बना चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी में मौजूद यह विविधता हमें एक-दूसरे से जोड़ती है और देश को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। ओनम पोनोनम 2025 के मंच से सीएम गुप्ता ने सभी नागरिकों को संदेश दिया कि दिल्ली की प्रगति तभी संभव है जब हर राज्य और हर समुदाय मिलकर एक साथ आगे बढ़े।












