एशिया कप 2025 का सबसे बहुप्रतीक्षित मुकाबला आज भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। यह मैच सिर्फ ग्रुप स्टेज का हिस्सा नहीं है, बल्कि क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक महाकुंभ जैसा अवसर है। इस बार पिच रिपोर्ट के मुताबिक दुबई की धीमी सतह पर स्पिनरों का बोलबाला रहने की उम्मीद है, जिससे दोनों टीमों के स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम होगी। भारत और पाकिस्तान के बीच खेले जाने वाले हर मैच की तरह आज भी खिलाड़ियों पर जबरदस्त दबाव रहेगा। यही वजह है कि जीत उसी टीम की होगी, जो परिस्थिति के हिसाब से बेहतर रणनीति अपनाएगी और विपक्षी टीम के धुरंधरों को रोकने में कामयाब होगी।
भारतीय टीम के युवा स्टार अभिषेक शर्मा इस मैच के सबसे बड़े आकर्षण हो सकते हैं। पिछले मैच में उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर शानदार अंदाज में शुरुआत की थी और सिर्फ 16 गेंदों में 30 रन बनाए थे। मौजूदा समय में वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं। वहीं, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या भी पाकिस्तान के खिलाफ अपनी गेंदबाजी से बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। पंड्या पाकिस्तान के खिलाफ खेले 7 मुकाबलों में 13 विकेट झटक चुके हैं। कुलदीप यादव की फिरकी गेंदबाजी भी इस पिच पर अहम होगी, जिन्होंने पिछले ही मैच में 2.1 ओवर में 4 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता था। भारतीय टीम चाहेगी कि ये तीनों खिलाड़ी पाकिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप को कमजोर कर दें।
पाकिस्तान की ओर से भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जो भारत के लिए सिरदर्द साबित हो सकते हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद हारिस पिछले मैच में 43 गेंदों पर 66 रन बनाकर फॉर्म में नजर आए थे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी भारत के तेज और स्पिन दोनों गेंदबाजों की परीक्षा ले सकती है। वहीं, पाकिस्तान के स्पिनर सुफियान मुकीम दुबई की पिच पर बड़ा रोल निभा सकते हैं। उन्होंने अपने पिछले मैच में 3 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। उनका टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड भी दमदार है, जिसमें उन्होंने 18 मैचों में 27 विकेट लिए हैं। ऐसे में आज का मुकाबला सिर्फ बुमराह या अफरीदी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ये खिलाड़ी भारत-पाकिस्तान मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं।












