गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से शुक्रवार को एक युवक की जान चली गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। माल्डा निवासी भैरव तिवारी को सीने में दर्द की शिकायत पर भाई रूपेश तिवारी पांडेडीह मोड़ के पास एक अवैध क्लीनिक ले गया, जहां झोलाछाप डॉक्टर हरी दास अधिकारी ने बिना उचित जांच के तीन इंजेक्शन लगा दिए। इंजेक्शन के बाद भैरव की हालत बिगड़ने लगी, और उसे गावां सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर काजिम खान ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ पटना-पिहरा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोग प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं, साथ ही मृतक के परिवार को मुआवजा और आरोपी डॉक्टर पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर गावां इंस्पेक्टर रोहित कुमार दल-बल के साथ पहुंचे हैं, जबकि आरोपी डॉक्टर क्लीनिक बंद कर फरार हो चुका है।












