गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड के हरियाडीह पंचायत स्थित मंदनाडीह गांव से गुरुवार को एक शर्मसार कर देने वाली तस्वीर सामने आई, जो विकास के दावों की पोल खोलती है। दोपहर करीब एक से डेढ़ बजे के बीच स्कूल से लौट रहे बच्चे उफनती नदी को पार नहीं कर सके, क्योंकि गांव में ना पुल है, ना पक्की सड़क। मजबूरी में गांव के युवकों आशीष मुर्मू और भोला बासके ने बच्चों को अपने कंधों पर बैठाकर नदी पार करवाया।

इस दौरान अन्य ग्रामीणों को भी इसी तरह पार कराया गया। नदी पार करवाने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीण सोनाराम मुर्मू, सुनीता बेसरा समेत अन्य लोगों ने बताया कि कई बार पुल और सड़क की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत मुखिया बाबुमनी सिंह ने बताया कि विधायक से सड़क और पुल निर्माण का आश्वासन मिला है, लेकिन अभी तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।












