गिरिडीह जिले के विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल मधुबन में रविवार को एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां “महावीरायातन फाउंडेशन” द्वारा गुनायतन संस्था परिसर में आयोजित विश्व मैत्री महोत्सव में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले राज्यपाल को मधुबन स्थित सीआरपीएफ कैंप में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर गिरिडीह डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

इसके बाद गुनायतन पहुंचने पर महावीरायातन फाउंडेशन और जैन समाज के लोगों ने पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विश्व मैत्री, सहिष्णुता और आध्यात्मिक एकता के मूल संदेश को लेकर आयोजन में कई सांस्कृतिक और सम्मान समारोह आयोजित किए गए, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की भागीदारी रही। राज्यपाल की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा और अधिक बढ़ गई।













