Aba News

Asia Cup 2025: कुलदीप यादव की फिरकी से UAE ढहा, अब पाकिस्तान की बारी

एशिया कप 2025 की शुरुआत भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में की है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने यूएई को सिर्फ 9 विकेट से मात देकर टूर्नामेंट में पहला कदम मजबूत रखा। खास चर्चा का विषय रहे कुलदीप यादव, जिन्होंने अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को पस्त कर दिया। उनका 52 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने सिर्फ एक ओवर में यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम समेत तीन बल्लेबाजों को चलता कर दिया। भारतीय टीम ने 58 रनों का लक्ष्य महज 4.3 ओवर में हासिल कर लिया और यह टी20 इतिहास में भारत की सबसे तेज जीत बन गई।

यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया और सलामी बल्लेबाजों अलीशान शरफू (22) व मुहम्मद वसीम (19) ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। हालांकि जसप्रीत बुमराह ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद कुलदीप यादव ने अपनी जादुई गेंदबाजी से विपक्षी टीम को धराशायी कर दिया। 9वें ओवर में उन्होंने पहली गेंद पर राहुल चोपड़ा को कैच आउट कराया, चौथी गेंद पर वसीम को एलबीडब्ल्यू आउट किया और आखिरी गेंद पर हर्षित कौशिक को बोल्ड कर दिया। कुलदीप ने महज 2.1 ओवर में 7 रन देकर 4 विकेट चटकाए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवार्ड अपने नाम किया।

अब भारत का अगला मुकाबला पाकिस्तान से है, जो 14 सितंबर को दुबई में खेला जाएगा। कुलदीप यादव का यह प्रदर्शन देखकर पाकिस्तानी बल्लेबाजों की चिंता बढ़ गई है। यूएई को इतने करारे तरीके से हराने के बाद माना जा रहा है कि भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान पर और भी ज्यादा दबाव बना सकते हैं। हाल ही में हुए पहलगाम हमले के बाद देशभर में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है, और यह गुस्सा अब भारतीय खिलाड़ी मैदान पर उतारने को तैयार हैं। भारतीय टीम चाहेगी कि इस जीत की लय को पाकिस्तान के खिलाफ भी बनाए रखे और एशिया कप की ट्रॉफी की ओर मजबूती से कदम बढ़ाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें