नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक श्री मोहन भागवत जी को उनके 75वें जन्मदिन पर बधाई दी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक लेख साझा किया, जिसमें उन्होंने मोहन भागवत जी के प्रेरणादायी व्यक्तित्व और राष्ट्र सेवा के प्रति उनके आजीवन समर्पण का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने प्रार्थना की कि मोहन भागवत जी का जीवन लंबा और स्वस्थ रहे, ताकि वे मां भारती की सेवा में निरंतर सक्रिय रहें।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (X) पर अपने संदेश में लिखा–
“वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र से प्रेरित होकर मोहन भागवत जी ने समाज परिवर्तन, समरसता और बंधुत्व की भावना को सशक्त करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया है।” उन्होंने आगे कहा कि मोहन जी का जीवन समाज को जोड़ने और सामूहिक चेतना को सुदृढ़ करने की मिसाल है।
हिंदी में साझा किए गए पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा–
“मोहन भागवत जी ने वसुधैव कुटुंबकम के मंत्र से प्रेरित होकर समता-समरसता और बंधुत्व की भावना को सशक्त करने में अपना पूरा जीवन समर्पित किया है। मां भारती की सेवा में सदैव तत्पर मोहन जी के 75वें जन्मदिन के विशेष अवसर पर मैंने उनके प्रेरक व्यक्तित्व को लेकर अपनी भावनाएं रखी हैं। मैं उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।”
प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए लेख में मोहन भागवत जी के संगठनात्मक नेतृत्व, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और राष्ट्रहित में उनके योगदानों का विस्तार से उल्लेख है। उन्होंने कहा कि भागवत जी का जीवन दर्शन “समाज को जोड़ने, सकारात्मक बदलाव लाने और नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की ओर प्रेरित करने” का प्रतीक है।












