नई दिल्ली/अहमदाबाद। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गुजरात की साणंद विधानसभा क्षेत्र में करीब ₹66 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और आने वाले समय में साणंद गुजरात का सबसे औद्योगिक रूप से विकसित तहसील बनकर उभरेगा।
श्री शाह ने अपने संबोधन में कहा कि हाल ही में एनडीए उम्मीदवार श्री सी.पी. राधाकृष्णन की उपराष्ट्रपति पद पर विजय ने देश की भौगोलिक एकता को मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पूर्व का प्रतिनिधित्व करती हैं, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन दक्षिण का, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम और उत्तर दोनों क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस प्रकार भारत के चारों दिशाओं—पूर्व, पश्चिम, उत्तर और दक्षिण—से आज संवैधानिक पदों पर प्रतिनिधित्व है, जो एकता की मिसाल है।
साणंद क्षेत्र में हो रहे विकास का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि 2029 तक यहां का कोई भी गांव मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि साणंद और बावला नगरपालिकाओं में सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और वृक्षारोपण जैसी सुविधाओं को मजबूत करने का व्यापक खाका तैयार किया गया है। बीते वर्षों से 111 गांवों को पानी की गंभीर समस्या झेलनी पड़ी थी, लेकिन अब लगभग ₹750 करोड़ की लागत से पहली चरण में जलापूर्ति सुनिश्चित कर दी गई है और अगले चरण में लगभग ₹1000 करोड़ की लागत से घर-घर पानी पहुंचाने का कार्य तेज किया जाएगा। इसके अलावा सीएसआर योजनाओं के तहत भी ₹150 करोड़ की परियोजनाएँ लागू की जा रही हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि साणंद जल्द ही सेमीकंडक्टर हब के रूप में भी पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में SEMICON India 2025 कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत का पहला स्वदेशी 32-बिट प्रोसेसर ‘विक्रम-32’ लॉन्च किया था और अब माइक्रोन टेक्नोलॉजी द्वारा साणंद में चिप निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल क्षेत्र की औद्योगिक तस्वीर बदलेगी बल्कि देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।
अमित शाह ने प्रधानमंत्री के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से आह्वान किया कि हर गांव, स्कूल और नगर की खाली जगह पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाए। उन्होंने बताया कि ग्रीन गांधीनगर परियोजना के तहत गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वृक्षारोपण का रिकॉर्ड बना है और यह गर्व का विषय है। कार्यक्रम में कुल 29 परियोजनाओं का उद्घाटन और 23 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ, जिनमें सड़क निर्माण, ग्रामीण सड़क योजना, विद्यालय विकास और वृक्षारोपण जैसे कार्य शामिल हैं।












